पेंड्री, 18 सितंबर।
तखतपुर थाना क्षेत्र के पेंड्री गांव में धान की फसल की रखवाली करने गए किसान की अवैध विद्युत फेंसिंग की चपेट में आने से मौत हो गई। किसान खेत में आवारा मवेशियों से फसल बचाने के लिए चौकीदारी कर रहा था।
मृतक की पहचान ग्राम पेंड्री निवासी गंगाराम कोल के रूप में हुई है। वह चनाडोंगरी में अपने खेत की रखवाली के लिए गया था। बताया गया कि रात करीब सात बजे पास के दूसरे किसान के खेत में मवेशियों को रोकने के लिए लगाए गए विद्युत तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी किसान महेंद्र कौशिक ने बताया कि दोनों किसान अलग-अलग जगहों पर फसल की निगरानी कर रहे थे। आवाज देने पर गंगाराम की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद महेंद्र उसे देखने पहुंचा तो उसे भी हल्का करंट लगा।
महेंद्र किसी तरह वहां से आगे बढ़ा तो गंगाराम जमीन पर अचेत मिला। उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था। महेंद्र ने अपने बड़े भाई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोटवार को सूचना देकर तखतपुर थाने में मामला बताया गया।
पुलिस को जानकारी मिलने पर टीम घटनास्थल पहुंची और शव का निरीक्षण करने के बाद लौट गई। आरोप है कि शव रातभर खेत में ही पड़ा रहा और विद्युत प्रवाह को लेकर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार सुबह पुलिस फिर मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। गंगाराम परिवार का एकमात्र कमाने वाला बताया जा रहा है। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं।
मामले में बड़े गुड्डू उर्फ दिलहरन सूर्यवंशी के खेत में लगी विद्युत फेंसिंग और कथित अवैध कनेक्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
















