भोपाल, 18 सितंबर।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को नारियलखेड़ा दशहरा मैदान के पास सामुदायिक केंद्र, वार्ड क्रमांक-12 में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में सांसद आलोक शर्मा ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए और अधिकारियों को इनका समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन को जनता के बीच पहुंचाकर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी जायज समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्राथमिकता है।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ देने की प्रक्रिया भी की गई। अभियान के जरिए योजनाओं को सुगम और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान करने पर जोर दिया जा रहा है।
भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं आसान तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में ‘कॉलोनी सेल’ बनाया गया है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) बनाने की अपील की, ताकि कॉलोनियों की समस्याओं को साझा मंच के जरिए प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर के बाद कलेक्टर ने नारियलखेड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-216 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं और बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद निर्माणाधीन वाटर टैंक का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में महापौर मालती राय, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन, पार्षद देवेंद्र भार्गव, पार्षद शैलेश साहू सहित अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















