काठमांडू, 18 सितंबर।
भारत यात्रा पर आए नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में हुई इस बैठक में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान एस. जयशंकर ने नेपाल में बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ ऊर्जा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में साझेदारी को प्राथमिकता देने पर चर्चा की। समग्र द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. स्वर्णिम वाग्ले तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की थी। शुक्रवार को नेपाल के वित्त मंत्री ने भारत में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
















