गुवाहाटी, 18 सितंबर।
विश्वकर्मा पूजा के मौके पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपने पुराने दिनों से जुड़ी यादें साझा कीं और प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कभी विश्वकर्मा पूजा उनके लिए अपनी पुरानी स्कूटर को सजाकर उसकी पूजा करने का अवसर हुआ करता था। उनकी वह चिरसाथी वेस्पा स्कूटर संघर्ष और व्यस्तता के दौर में उनके लिए खास सहारा रही।
पुरानी वेस्पा से जुड़े अनुभवों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि स्कूटर के स्टार्ट न होने पर उसे थोड़ा टेढ़ा करना, किक मारकर चालू करने की कोशिश करना और रिजर्व पेट्रोल का हिसाब रखते हुए सफर करना उनके पुराने दिनों का हिस्सा था।
उन्होंने कहा कि ऐसी पुरानी गाड़ियां आज भी कई परिवारों के गैराज या उनकी यादों में मौजूद होंगी। ये वाहन संघर्ष और जीवन से जुड़ी कई पुरानी स्मृतियों की गवाही देते हैं।
समय के साथ आधुनिक साधन आए और सड़कें, वाहन तथा लोगों की जीवनशैली बदली। इसके साथ ही पुराने दौर की परिस्थितियां भी पीछे छूट गईं, लेकिन उनसे जुड़ी यादें और भावनाएं आज भी उनके मन में बनी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से सभी लोगों के कर्मजीवन को समृद्ध बनाने की प्रार्थना की और राज्यवासियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
















