पुणे, 19 सितंबर।
पुणे जिले में मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर नवले ब्रिज के पास शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद तेज रफ्तार कंटेनर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर सातारा से मुंबई की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे भुमकर ब्रिज के पास अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद वाहन चालक कंटेनर पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने तीन से चार अन्य वाहनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहत कार्य के दौरान वाहनों से शवों को बाहर निकाला गया।
रात में हुए इस हादसे के कारण मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















