इंदौर, 19 सितंबर।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों की बात सुनी जाएगी।
इंदौर में होने वाला यह ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पांचवां कार्यक्रम है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में इसके आयोजन हो चुके हैं।
कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर करीब 1:30 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे रेडिसन होटल जाएंगे। इसके बाद शाम को रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम स्थल पर राहुल गांधी विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद रात करीब 9 बजे उनके इंदौर से दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।
‘छात्रों की गूंज’ का मुख्य फोकस विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर है। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख पंजीकरण हुए हैं। प्रशासन को करीब 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम को 31 शर्तों के साथ अनुमति मिली है।
कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भीड़, पार्किंग और यातायात के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की हैं। यातायात पुलिस ने दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक डायवर्जन योजना लागू की है। यातायात दबाव और जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।
















