रुड़की, 19 सितंबर।
आईआईटी रुड़की के दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह 2026 की शुरुआत शनिवार को हुई। समारोह के पहले दिन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल ने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी क्षमता का इस्तेमाल देश के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। संस्थान के अनुसार इस वर्ष कुल 2,701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डोभाल ने आईआईटी रुड़की के गौरवशाली इतिहास और वैश्विक स्तर पर उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व छात्रों ने भारत के साथ-साथ दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सेवाओं से देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की की प्रतिष्ठा आज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कायम है।
डोभाल ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले युवाओं से कहा कि वे अपनी तकनीकी दक्षता को केवल निजी करियर तक सीमित न रखें। इसका उपयोग राष्ट्र के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और समाज के कल्याण में भी करें। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और उन्हें भविष्य में आने वाली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने संस्थान की हाल की उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान नवाचार और शोध के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने सभी 2,701 उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के पहले दिन स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। उपाधि मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राम चंद्र शेट, आईआईटी प्रबंधन, प्रोफेसर, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
















