जयपुर, 19 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर नगर निगम महापौर पद के लिए वार्ड 112 के पार्षद सुनील कोठारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की ओर से नाम की घोषणा के बाद कोठारी ने शनिवार को महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।
सुनील कोठारी के नाम की घोषणा भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने की। उन्होंने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन के स्तर पर विचार-विमर्श और सभी की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोठारी को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। बगड़ी ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक प्रक्रिया और सामूहिक निर्णय के आधार पर काम करती है।
घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुनील कोठारी को शुभकामनाएं दीं। कोठारी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और संगठन में उपाध्यक्ष तथा जिलाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
नामांकन के दौरान सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंद आचार्य, पूर्व विधायक अशोक लाहोटी, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, जिलाध्यक्ष अमित गोयल और पार्षद एवं पूर्व उप महापौर पुनीत कर्णावट समेत पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में भाजपा ने जोधपुर महापौर पद के लिए प्रसन्न चंद मेहता को प्रत्याशी घोषित किया है। जयपुर महापौर पद के लिए औपचारिक निर्वाचन 25 सितंबर को होना है।
















