कैथल, 19 सितंबर।
दुष्कर्म के एक मामले को समझौते के जरिए खत्म कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लेने के आरोप में कैथल पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान पप्पू, मटौर निवासी कृष्ण और मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इसमें कथित तौर पर धमकी और बातचीत से संबंधित रिकॉर्डिंग होने की बात कही गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। उस दिन मोनिका ने सिविल लाइन थाने में अनिल के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। शिकायत के बाद अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जांच के दौरान पता चला कि जेल में अनिल की मुलाकात हत्या के मामले में बंद पप्पू से हुई थी। आरोप है कि पप्पू ने अनिल से उसके खिलाफ दर्ज मामले को पैसे लेकर खत्म कराने की बात कही थी।
जमानत पर बाहर आने के बाद पप्पू ने मटौर निवासी कृष्ण के माध्यम से अनिल पक्ष से संपर्क किया। कृष्ण की मोनिका से रिश्तेदारी बताई गई है। इसी वजह से वह मोनिका की ओर से पैसों को लेकर बातचीत कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, पप्पू ने कृष्ण के साथ हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी। आरोप है कि इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर वह पुलिसकर्मियों को विजिलेंस के जरिए फंसाने की योजना बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, मामले को खत्म कराने के लिए पहले पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। बातचीत के बाद तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर को कैथल कोर्ट परिसर में रकम का लेन-देन हुआ। आरोप है कि पप्पू ने तीन लाख रुपये अपने पास रख लिए और मोनिका को नहीं दिए। इसके बाद अतिरिक्त रकम मांगने और पैसे नहीं देने पर अनिल को 10 साल की सजा कराने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर तीन लाख रुपये बरामद करने की बात कही है। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल, सिविल लाइन थाना की हेड कांस्टेबल सुदेश और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। इस दौरान लेन-देन, मोबाइल रिकॉर्डिंग और आरोपितों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।
















