नई दिल्ली, 19 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 20 सितंबर को नई दिल्ली में आईटी और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करेगी। बैठक में पार्टी की डिजिटल रणनीति, ‘सेवा संकल्प अभियान’, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जेन-जी यानी युवा वर्ग तक पहुंच बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष करेंगे। इसमें पार्टी के आईटी, सोशल मीडिया और संबंधित विभागों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक ऐसे समय हो रही है, जब भाजपा संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों में डिजिटल माध्यमों की भूमिका बढ़ाने पर जोर दे रही है।
बैठक में सोशल मीडिया और आईटी नेटवर्क के माध्यम से सरकार तथा संगठन से जुड़े कार्यक्रमों, अभियानों और संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया जा सकता है। इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के तरीकों पर भी चर्चा की संभावना है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की डिजिटल पहुंच भी बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल हो सकती है। अभियान से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जमीनी गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की रणनीति पर मंथन किया जा सकता है।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी आईटी और सोशल मीडिया विभाग की भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है। चुनावी राज्यों में डिजिटल अभियान, स्थानीय मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने रखने और संगठन के संदेश को लोगों तक पहुंचाने से जुड़े पहलुओं पर विचार किया जा सकता है।
इसके अलावा जेन-जी और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों के नए इस्तेमाल पर भी चर्चा हो सकती है। युवाओं की बदलती डिजिटल आदतों और सोशल मीडिया गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।
















