भोपाल, 19 सितंबर।
मध्य प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टीटी नगर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं और विचारों के जरिए विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और हरित भारत की कल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल, आयुक्त अभिषेक सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य और अपर परियोजना संचालक नंदा भलावे सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश की प्रगति, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों में स्थान दिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ भावी भारत को लेकर अपनी कल्पनाएं साझा कीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में सिद्धि साहू और पार्थ सच्चान संयुक्त रूप से प्रथम रहे। अमन पटेल और नमन अड़कर ने द्वितीय तथा प्रतिभा अहिरवार और शिवांगी सोनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में कृष्णकांत शर्मा और कृतिका चौकसे संयुक्त रूप से प्रथम रहे। शिवांश सीठा ने द्वितीय और भाव्यांशी वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। समापन पर विजेताओं को बधाई दी गई।
















