नई दिल्ली, 19 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पर्यावरण और जलवायु गतिशीलता के भविष्य पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन राष्ट्रीय हरित अधिकरण की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीश तथा जिला न्यायालयों के न्यायाधीश शामिल होंगे। विभिन्न मंत्रालयों के सचिव और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी इसमें हिस्सा लेंगे।
राज्य न्यायिक अकादमियों, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों, राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समितियों, राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरणों और राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरणों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में 17 देशों के प्रमुख न्यायाधीश और न्यायिक प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सम्मेलन में न्यायिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक जानकारी, पर्यावरणीय शासन और संस्थागत अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान पर्यावरण और जलवायु से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा होगी। नीति निर्माण, उसके क्रियान्वयन और अनुपालन में मौजूद कमियों पर भी विचार किया जाएगा। पर्यावरणीय शासन को मजबूत करने और संस्थागत सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।
















