भोपाल, 19 सितंबर।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने शनिवार को भोपाल जिले में विकसित किए जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, भोपाल और मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अधिकारियों ने आयुक्त को निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में विकसित की जा रही नागरिक और तकनीकी सुविधाओं के साथ आगामी कार्ययोजना के बारे में भी विस्तार से बताया।
कुमार पुरुषोत्तम ने निर्माण कार्यों का मौके पर जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र का विकास तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां आने वाले उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली, पानी, सड़क और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाए।
आयुक्त ने सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने और गुणवत्ता की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत अधोसंरचना औद्योगिक क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि अगरिया छापर में उद्यमियों को आवश्यक सुविधाओं के साथ अनुकूल वातावरण मिलने से नए उद्योगों की स्थापना और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र के पूर्ण विकसित होने से भोपाल संभाग में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे नए निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
















