बीजापुर, 21 सितंबर।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और डीआरजी की संयुक्त टीम द्वारा भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारियों और पुलिस की प्रभावी रणनीतिक कार्रवाई के चलते यह सफलता मिली है।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगल में एक संदिग्ध स्थान की पहचान कर अत्यधिक सावधानी बरतते हुए जब खुदाई की, तो वहां दबाकर रखा गया डंप हाथ लगा। इस कार्रवाई में एक एके-47 राइफल, एक .315 बोर राइफल, एक शॉट गन, एक 9 एमएम पिस्टल के अलावा एके-47 और 9 एमएम के दर्जनों जिंदा कारतूस तथा अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है। बरामद किए गए सभी हथियारों और गोला-बारूद को सुरक्षित रूप से भैरमगढ़ थाने लाया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
















