नई दिल्ली, 21 सितंबर।
दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज की सेवा में शेख अहमद के योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में शेख अहमद के निधन पर दुख जताते हुए शाही परिवार और दुबई की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का सोमवार को 76 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वह दुबई के शासक और संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई थे।
दुबई के शासक के न्यायालय ने उनके निधन के बाद सोमवार से 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की है। इस अवधि में दुबई में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
शेख अहमद ने दुबई पुलिस और सार्वजनिक सुरक्षा के नेतृत्व सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। वह एआरएम होल्डिंग के समूह अध्यक्ष और अल वस्ल फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष भी रहे। घुड़दौड़ के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा और जाबेल अली रेसकोर्स से उनका जुड़ाव रहा।
















