हैदराबाद, 22 सितंबर।
राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स)-आदिलाबाद के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में हुए हादसे के बाद एक और नवजात की मौत हो गई। निजामाबाद के सरकारी सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान 20 दिन की बच्ची ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे दम तोड़ दिया। इसके साथ हादसे में जान गंवाने वाले नवजातों की संख्या तीन हो गई है।
गंभीर हालत में बच्ची को निजामाबाद के सरकारी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह उन पांच नवजातों में शामिल थी, जो सोमवार देर रात एसएनसीयू के एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए विस्फोट से निकले जहरीले धुएं की चपेट में आए थे।
हादसे में पांच दिन के एक नवजात की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद मंगलवार तड़के एक अन्य नवजात ने आदिलाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी बच्ची की मौत निजामाबाद के सरकारी अस्पताल में हुई।
घटना के समय एसएनसीयू में करीब 30 नवजातों का इनक्यूबेटर में उपचार चल रहा था। एसी में विस्फोट के बाद यूनिट में घना धुआं और जहरीली गैस फैल गई थी। इसके बाद प्रभावित पांच नवजातों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इन पांच नवजातों में से अब तीन की मौत हो चुकी है। दो अन्य नवजातों की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों और हादसे से प्रभावित नवजातों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
रिम्स प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















