जोधपुर, 22 सितंबर।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है। खारिया खंगार रेलवे स्टेशन से पहली बार लाइमस्टोन यानी चूना पत्थर का व्यावसायिक लदान शुरू किया गया है। रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों और ग्राहक-केंद्रित नीतियों के चलते यह सुविधा शुरू हो सकी है।
खारिया खंगार स्टेशन से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में स्थित मंगलम सीमेंट लिमिटेड के लिए लाइमस्टोन से भरा रेक भेजा जा रहा है। पहला रेक 21 सितंबर को सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया। सितंबर में इसके अलावा दो और रेक भेजने की योजना है।
खारिया खंगार से रवाना होने वाली मालगाड़ी लगभग 539 किलोमीटर की दूरी तय करके मंगलम सीमेंट लिमिटेड, कोटा पहुंचेगी। एक रेक के लदान से रेलवे को करीब 41.35 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व मिलने की जानकारी दी गई है।
जोधपुर मंडल में इससे पहले सोजत रोड, सोनू और बदवासी रेलवे स्टेशनों से भी लाइमस्टोन का लदान किया जा रहा है। खारिया खंगार को इस व्यवस्था से जोड़ने के बाद रेलवे के माल राजस्व में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
नई लदान व्यवस्था से क्षेत्र के खनिज उद्योग को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और देश के औद्योगिक तथा बुनियादी ढांचे के विकास में भी योगदान होगा।
















