एकता नगर, 22 सितंबर।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल शुरू की जा रही है। इसका मकसद फिल्म और पर्यटन को एक-दूसरे से जोड़ना है।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए केवड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचे वैष्णव ने कहा कि इस पहल की शुरुआत एकता नगर से हो रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और प्राकृतिक सुंदरता के कारण एकता नगर देश-विदेश में प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए राष्ट्रपति, फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों और अन्य लोगों के एकता नगर पहुंचने से इस स्थान को व्यापक पहचान मिलने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को किसी एक सम्मेलन कक्ष तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों और वास्तविक पर्यटन स्थलों से जोड़ना चाहती है।
उन्होंने सभी राज्यों से अपने बेहतर पर्यटन स्थलों के प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया। प्रस्ताव में अच्छी सुविधाओं के साथ 360 डिग्री विकास की योजना भी शामिल करने को कहा गया है।
वैष्णव ने बताया कि जिस राज्य का प्रस्ताव चुना जाएगा, वहां के पर्यटन स्थल पर अगला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 के आयोजन को देश के अलग-अलग हिस्सों और राज्यों तक पहुंचाया था। इसी सोच के आधार पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को भी विभिन्न क्षेत्रों में ले जाने की पहल की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, इससे फिल्म और पर्यटन के बीच संबंध मजबूत होंगे और जिस पर्यटन स्थल पर समारोह होगा, उसे भी व्यापक लाभ मिलेगा।
















