सहारनपुर, 22 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन सहारनपुर में पार्टी की कई बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी कार्यक्रमों और संगठन की गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह और प्रदेश में दोबारा भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर उन्होंने पार्टी के मिशन 2027 को सफल बनाने का भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास, एक्सप्रेस-वे और प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश में ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने इसे नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताते हुए कहा कि प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और नागरिक मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा आज जिस स्थिति में है, उसके पीछे पुराने कार्यकर्ताओं का 40-45 वर्षों का परिश्रम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार काम करना होगा। उन्होंने सादगी, सरलता और जनसंवाद पर जोर देते हुए विधानसभा स्तर पर सांसदों, विधायकों और सक्रिय सदस्यों के साथ शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से हर गांव और हर घर तक पहुंचने, लोगों की समस्याएं सुनने तथा पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने को कहा। सहारनपुर पहुंचने पर मुजफ्फरनगर, देवबंद और सहारनपुर में कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने शंख ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया।
भाजपा अध्यक्ष ने विधानसभा क्षेत्रवार संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने संगठन को सक्रिय करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए समन्वय पर जोर दिया। स्थानीय सांसदों, विधायकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठकों में उन्होंने जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।
नितिन नवीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दलित समाज के एक कार्यकर्ता के घर भोजन किया। इस दौरान समाज के लोगों ने उन्हें रविदास महाराज की मूर्ति और पुस्तक भेंट की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संत रविदास के आदर्शों के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती का वर्ष मनाया जा रहा है और सभी समाजों को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम और बैठकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मौजूद रहे।
















