सहारनपुर, 22 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को सड़क मार्ग से एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर पहुंचे। यहां जनपथ मार्ग पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इससे पहले मुजफ्फरनगर समेत रास्ते में कई स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का स्वागत किया। देवबंद पहुंचने पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
सहारनपुर दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद प्रदेश व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी।
बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला महामंत्री भी शामिल होंगे। इस दौरान चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी।
नितिन नवीन सहारनपुर स्थित मां शाकुम्भरी देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके अलावा वह भाजपा के एक कार्यकर्ता के घर भोजन के लिए जाएंगे।
दौरे के दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी सहारनपुर में मौजूद रहेंगे।
















