नई दिल्ली, 23 सितंबर।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (एनएच-709बी) पर पूर्वी दिल्ली में दो फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का काम शुरू करने के लिए बुधवार को शिलान्यास किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गांधी नगर के गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क में इन एफओबी का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि भजनपुरा के गढ़ी मेंडू के पास तीसरे फुट ओवर ब्रिज को भी मंजूरी मिल गई है। तीनों परियोजनाओं पर कुल 12.8 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मल्होत्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पूर्वी दिल्ली में पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और रोजाना के आवागमन को सुविधाजनक बनाना है। एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरता है और कई आवासीय, व्यावसायिक तथा स्थानीय आवागमन वाले क्षेत्रों को जोड़ता है। ऐसे में सुरक्षित पैदल पारपथ की जरूरत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज में लिफ्ट की सुविधा भी रहेगी। इससे पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए सुरक्षित और निर्धारित रास्ता मिलेगा। साथ ही वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित नहीं होगी। लिफ्ट की सुविधा का लाभ वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों को मिलेगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री के अनुसार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे पार्किंग सुविधा शुरू की जा चुकी है। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे के पहले चरण के दिल्ली हिस्से के व्यापक सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम चल रहा है।
एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध जगह का उपयोग बेहतर तरीके से करने की योजना है। यहां पार्किंग के साथ ईवी चार्जिंग, शौचालय और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। इससे पार्किंग व्यवस्था में सुधार के साथ यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र के निवासियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भी सुविधा मिलने की बात कही गई।
मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून हाईवे के दिल्ली वाले एलिवेटेड हिस्से के साथ सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे हाईवे से जुड़ी आवश्यकताओं में नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इस पहल को कार्बन उत्सर्जन घटाने और वर्ष 2070 तक नेट जीरो के लक्ष्य की दिशा में कदम बताया गया।
कार्यक्रम में गांधी नगर के विधायक एवं ट्रांस यमुना डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा, कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल और स्थानीय निगम पार्षद संदीप कपूर सहित कई लोग मौजूद रहे।
















