कोलकाता, 23 सितंबर।
पश्चिम बंगाल में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिशों के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी के बीच 24 सितंबर को राज्य सचिवालय में बैठक होने की संभावना है। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार, बैठक में राज्य में निवेश और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
गौतम अदाणी के बुधवार रात कोलकाता पहुंचने की संभावना है। गुरुवार सुबह वह न्यू टाउन में प्रस्तावित दो हजार बिस्तरों वाले अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे निर्धारित है और इसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के साथ संभावित मुलाकात से पहले अदाणी राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा करेंगे। यह बैठक ताज बंगाल में होने की संभावना है, जहां विभिन्न निवेश प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। कोलकाता पहुंचने के बाद उनके कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने की भी संभावना है।
राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य क्षेत्र के अलावा अदाणी समूह की पश्चिम बंगाल में अन्य परियोजनाओं में भी भागीदारी की संभावना है। इनमें ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार और कुमारटुली घाट के पुनर्विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। न्यू टाउन में प्रस्तावित अस्पताल को राज्य में समूह की निवेश योजनाओं का एक हिस्सा बताया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से बड़े औद्योगिक समूहों के साथ निवेश को लेकर लगातार बातचीत की जा रही है। रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल में भी राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने और बड़े निवेशकों से संपर्क करने की बात कही थी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ने राज्य में बड़े निवेश और उद्योगपतियों को लाने की बात कही थी। इसी प्रयास के तहत उन्होंने सोमवार को मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से भी मुलाकात की थी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए बड़े उद्योग समूहों से संपर्क की योजना की जानकारी दी थी।
















