झांसी, 29 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के झांसी में मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव के पास सुखनई नदी के बल्लू घाट पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। पूर्वजों को पानी देने पहुंचे एक ही परिवार के पांच लोग नदी में डूब गए। हादसे में 13 वर्षीय अर्पित तिवारी समेत पांचों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। बताया गया कि 28 सितंबर को रामेश्वर प्रसाद तिवारी के यहां उनके दिवंगत भाई रानी तिवारी का श्राद्ध कार्यक्रम हुआ था। अगले दिन परिवार के लोग पूर्वजों को पानी देने बल्लू घाट पहुंचे थे। वहां 40 वर्षीय अनूप तिवारी नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके 13 वर्षीय बेटे अर्पित तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी, 24 वर्षीय अभिनय तिवारी और 25 वर्षीय भांजे पुष्कल उर्फ छोटू ने पानी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। चौकी प्रभारी कुलदीप पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों के साथ उपजिलाधिकारी मनोज भारती, क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह और गोताखोर टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। उपनिरीक्षक सतीश और तैराकों ने रस्सी के सहारे नदी में उतरकर तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद पांचों को बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अनूप किराने की दुकान चलाने के साथ खेती करते थे, अभिनय शटरिंग का सामान किराये पर देते थे, जबकि अर्पित, श्रेयांश और पुष्कल पढ़ाई कर रहे थे। एक दिन पहले श्राद्ध कार्यक्रम से जहां परिवार में रिश्तेदारों की मौजूदगी थी, वहीं अगले दिन पांच मौतों से गांव में शोक छा गया। एसडीएम और सीओ ने घटनास्थल का जायजा लेकर परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।














