पूर्वी सिंहभूम, 07 अक्टूबर।
साकची गुरुद्वारा बस्ती के ए जोन स्थित भगत सिंह गली में करीब एक महीने से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन ड्रेनेज होल जाम होने के कारण दूषित पानी सड़क पर बह रहा है। गंदे पानी के चलते इलाके में दुर्गंध और गंदगी फैली है। लोगों को बीमारी फैलने की आशंका भी सता रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार हाल के दिनों में क्षेत्र में डेंगू के मामले सामने आए हैं। कई बच्चों के बीमार पड़ने की बात भी लोगों ने कही है।
बुधवार को भगत सिंह गली के निवासियों ने प्रभावित इलाके में बैठक कर समस्या पर नाराजगी जताई। लोगों ने बताया कि बरसात के दौरान जलनिकासी की समस्या और गंभीर हो जाती है तथा कई घरों में गंदा पानी घुस जाता है।
सड़क और नाली की हालत खराब होने से पैदल चलने के साथ वाहनों की आवाजाही में भी दिक्कत होती है।
हरविंदर सिंह और जगतार सिंह ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के अधिकारियों के पास जाने पर उन्हें यह क्षेत्र जुस्को का बताकर वापस भेज दिया जाता है। वहीं जुस्को कार्यालय में शिकायत करने पर मामला जेएनएसी का बताया जाता है।
सुशील बंसल ने बताया कि काशीडीह स्थित जुस्को कार्यालय में भी समस्या दूर करने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सरबजीत सिंह टॉबी ने कहा कि सड़क, नाली और जलनिकासी व्यवस्था ठीक किए बिना समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जगतार सिंह, अमृतपाल सिंह, सुशील बंसल, शिवम, जसबीर सिंह, सरबजीत सिंह टॉबी, हरजीत सिंह, गुरपाल सिंह पिंटू, बनमाली, अमरीक सिंह बिट्टू, हरविंदर सिंह, हरपाल सिंह, शरणप्रीत सिंह, रेशम सिंह, रंजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, जगप्रीत सिंह, जगजीत सिंह और विनय अरोड़ा सोनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














