नारनौल, 07 अक्टूबर।
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नारनौल सीआईए पुलिस ने एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 193 ग्राम गांजा बरामद किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान नारनौल निवासी मंगल चौहान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना शहर नारनौल में नशीले पदार्थों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई कुलदीप ने बताया कि मंगलवार शाम सीआईए पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक छोटा-बड़ा तालाब के पास गांजा बेचने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से युवक को पकड़ लिया। उसके पास सफेद और गुलाबी रंग का एक थैला था। तलाशी लेने पर थैले में मोमी पॉलीथिन के अंदर भूरे रंग का बंडल मिला।
बंडल खोलने पर उसमें गांजे की पत्तियां बरामद हुईं। नशीले पदार्थ का वजन थैले और पॉलीथिन सहित कराया गया, जो 1 किलो 193 ग्राम निकला।
पुलिस ने गांजा कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना शहर नारनौल में मामला दर्ज किया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लाया था और इसे किन लोगों को बेचने की योजना थी।
पुलिस नशीले पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का भी प्रयास कर रही है।














