मोहला-मानपुर, 07 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का असर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। इसी का जायजा लेने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बुधवार सुबह मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया।
मंत्री ने गांवों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी भी ली।
ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां योजना के लाभार्थी इन्द्र कुमार पिता मदन लाल के निर्माणाधीन मकान को देखा गया।
वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस पक्के मकान के लिए परिवार को 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि दी जा रही है। परिवार को 90 दिनों का मनरेगा रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
लाभार्थी परिवार की हेमेश्वरी ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं से उनके परिवार की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।
हेमेश्वरी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का और सुरक्षित घर मिला। उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन मिलने के बाद धुएं से राहत मिली है। नल-जल योजना के माध्यम से घर में ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के स्वावलंबन का आधार बनी है। इस राशि से परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की देखभाल में मदद मिल रही है।
हितग्राहियों से बातचीत के बाद मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवार को पक्का मकान, महिलाओं को रसोई गैस और घर पर स्वच्छ पानी तथा मातृशक्ति को आर्थिक सहायता मिलने से सुशासन की संकल्पना मजबूत होती है। सरकार पात्र नागरिकों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लगातार काम कर रही है।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।














