नारनौल, 07 अक्टूबर।
नारनौल शहर से सटे बेचिराग गांव लुतफपुर में पहले बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचने के आरोप में पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय की शिकायत पर की गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय में मोहन लाल और सूबे सिंह ने 22 सितंबर 2026 को शिकायत दी थी।
शिकायत में बताया गया कि लुतफपुर निवासी आशा के नाम जमाबंदी वर्ष 2021-22 की खेवट नंबर 110 में कुल 55 कनाल 18 मरला जमीन थी। इसमें आशा का हिस्सा एक-पांचवां यानी 11 कनाल तीन मरला था।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आशा अपने हिस्से की अधिकांश जमीन पहले ही अलग-अलग लोगों को बेच चुकी थी। इसके लिए 27 दिसंबर 2018 को वसीका नंबर 4630 के माध्यम से जमीन की बिक्री की गई थी।
जमीन बेचने के बाद करीब 16 गज हिस्सा बचा था। खरीदारों के नाम इंतकाल दर्ज नहीं होने का आरोप है। शिकायत के अनुसार इसी स्थिति का फायदा उठाकर आशा ने 14 सितंबर 2026 को वसीका नंबर 1867 के जरिए वही जमीन ऋतू कुमारी को दोबारा बेच दी।
शिकायत मिलने के बाद संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय ने मामले की जांच की। जांच के बाद 14 सितंबर की रजिस्ट्री के आधार पर दर्ज इंतकाल नंबर 2328 को रद्द कर दिया गया।
कार्यालय की ओर से पुलिस को भेजे पत्र में आरोप लगाया गया कि गलत तथ्यों और धोखाधड़ी की नीयत से रजिस्ट्री कराई गई। पत्र में विक्रेता आशा, खरीदार ऋतू कुमारी और रजिस्ट्री के गवाहों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस ने कार्यालय से मिले पत्र की जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।














