कठुआ, 30 सितंबर।
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान और आगामी गांधी जयंती के मद्देनजर राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर की एनएसएस इकाई ने पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें 15 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण और महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी से जुड़े विचारों के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों और प्रभावशाली नारों के जरिए स्वच्छता का संदेश प्रस्तुत किया। नेहा रानी ने प्रथम, मानवी ने द्वितीय तथा नितिका वर्मा और प्रितिका ठाकुर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. डॉ. संगीता सुदान ने विद्यार्थियों की भागीदारी और उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रुपाली जसरोटिया ने प्राचार्य के मार्गदर्शन में किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सपना, प्रो. बिंती, डॉ. सोनिका और डॉ. हिलाल शामिल रहे। आयोजन के समापन पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया और सामूहिक फोटो के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।














