जींद, 30 सितंबर।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 20 लाख रुपये हड़पने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पिल्लूखेड़ा निवासी हैप्पी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2023 में आस्ट्रेलिया जाने के लिए उसकी कुरुक्षेत्र निवासी परमजीत, मोहित, कुलदीप, बिजेंद्र और हरदीप से बातचीत हुई थी। आरोपितों ने 20 लाख रुपये में उसे आस्ट्रेलिया भेजने की बात तय की। इसके बाद हैप्पी ने 10 लाख रुपये नकद दिए और 10 लाख रुपये आरोपितों के खातों में जमा कराए।
शिकायत के अनुसार, काफी समय बीतने के बाद भी उसे आस्ट्रेलिया नहीं भेजा गया और पैसे लौटाने के लिए भी लगातार समय दिया जाता रहा। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। आरोपितों ने 20 लाख रुपये की राशि के चेक देकर भुगतान करने का भरोसा दिया था। चेक की अंतिम तारीख 15 जुलाई थी। तय समय पर हैप्पी ने चेक बैंक में जमा किए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए।
हैप्पी का आरोप है कि चेक बाउंस होने के बाद उसने आरोपितों से संपर्क किया तो उन्होंने चेक वापस करने की बात कही और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने परमजीत, मोहित, कुलदीप, बिजेंद्र और हरदीप के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि विदेश भेजने के नाम पर रकम लेने और चेक बाउंस होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।














