जयपुर, 30 सितंबर।
जयपुर का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर गुरुवार शाम पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, लोकनृत्य और पारंपरिक वेशभूषा से सजेगा। संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर और राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से आयोजित ऑक्टेव-2026 का उद्घाटन शाम 7 बजे होगा। राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
उद्घाटन के बाद एथनिक कॉस्ट्यूम शो में पूर्वोत्तर के आठों राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा प्रस्तुत की जाएगी। भानुश्री दास के निर्देशन में होने वाले इस आयोजन में युवतियां अलग-अलग पारंपरिक परिधानों में प्रस्तुति देंगी।
इन परिधानों में हस्तनिर्मित वस्त्रों और पारंपरिक शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। इसके माध्यम से दर्शकों को पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति में आठ राज्यों के 14 समूह 15 लोकनृत्य शैलियों का प्रदर्शन करेंगे। कलाकार अलग-अलग और सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अध्यात्म, रोमांच, रास और परंपराओं की विविधता को मंच पर पेश करेंगे।
कहीं प्रस्तुतियों में भक्ति का भाव दिखाई देगा तो कहीं लोक संस्कृति की जीवंतता और उत्साह दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी समूह मिलकर ग्रैंड फिनाले में संयुक्त नृत्य प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों के अनुसार ऑक्टेव-2026 के जरिये जयपुरवासियों को पूर्वोत्तर भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और लोक कलाओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।














