नई दिल्ली, 30 सितंबर।
दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित विकास भवन-द्वितीय में एआई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र में पहला क्षमता निर्माण कार्यक्रम 15 अक्टूबर से शुरू होगा। इसे दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एआई और उभरती तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया है।
मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों को रोजमर्रा के काम में एआई को समझने और प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने में सक्षम बनाना है। इसके साथ ही गोपनीयता और साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों को एआई के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार करना जरूरी है। नई तकनीक के उपयोग से सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।
मंत्री के अनुसार यह केंद्र सरकारी कार्यालयों को नई तकनीकों से जोड़ने और तकनीक आधारित शासन के लिए आवश्यक क्षमताएं विकसित करने की व्यापक पहल का हिस्सा है। सरकारी कामकाज में एआई का उपयोग इस तरह करने पर जोर रहेगा, जिससे अधिकारियों को उनके कार्यों में बेहतर सहायता मिल सके।
केंद्र में शुरू होने वाला पहला क्षमता निर्माण कार्यक्रम व्यावहारिक और उपयोग आधारित होगा। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आंकड़ा विश्लेषण, आधिकारिक मसौदा तैयार करना, संकेत अभियांत्रिकी और एआई की मदद से गतिशील प्रस्तुतियां तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार एआई उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को भी शामिल किया गया है। उद्घाटन अवसर पर सरकारी कार्यालयों में एआई के इस्तेमाल को लेकर विशेष सत्र हुआ, जिसमें अधिकारियों को एआई और व्यावहारिक उपयोग के लिए उपलब्ध विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी गई।














