उत्तरकाशी, 30 सितंबर।
मानदेय में 140 रुपये की बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की मांग पूरी नहीं होने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। बुधवार को जिलेभर की कार्यकर्ता जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में एकत्र हुईं और वहां से रैली निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचीं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर दोनों मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें मिलने वाला मानदेय काफी कम है और इससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो उन्हें आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने दोनों मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई।
बुधवार को हुए प्रदर्शन में संगठन की जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी नौटियाल, महामंत्री किरन भंडारी, सुमित्रा, रुक्मणी सेमवाल, लक्ष्मी नौटियाल, बिंदु राणा, मेनका चौहान, सीमा और मोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।













