नई दिल्ली, 30 सितंबर।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अपनी पेरू अध्ययन यात्रा के दौरान पेरू की संसद का दौरा किया। उन्होंने सीनेट और चैंबर ऑफ डेप्युटीज का भी अवलोकन किया। दौरे में संसदीय प्रक्रियाओं, विधायी कामकाज और लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
यह यात्रा दोनों देशों की विधायिकाओं के बीच संस्थागत अनुभवों के आदान-प्रदान से जुड़ी रही। इस दौरान विजेंद्र गुप्ता ने पेरू गणराज्य के सीनेटर विक्टर सेफेरिनो फ्लोरेस रुइज के साथ बातचीत की। दोनों ने विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
चर्चा में लोकतांत्रिक शासन को मजबूत करने में विधायिकाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने निरंतर संस्थागत संवाद बनाए रखने और संसदीय सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने सीनेटर फ्लोरेस रुइज को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा और नेतृत्व पर आधारित पुस्तक ‘पावर विदिन’ भेंट की। इस संवाद से भारत और पेरू के बीच आपसी समझ और सहभागिता को बढ़ाने में संसदीय तथा संस्थागत आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया गया।














