बडगाम, 30 सितंबर।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। गुरवटकालान इलाके में हुई इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ मूसा के रूप में हुई है।
आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने चुनौती दी। इसके बाद आतंकवादियों की ओर से गोलीबारी शुरू हुई और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।
मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया। चिनार कोर की ओर से मारे गए आतंकवादी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ मूसा के तौर पर बताई है।
सेना के अनुसार, यह अभियान मध्य कश्मीर के कोराग और यूसमर्ग के सामान्य इलाके में शुरू किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि मूसा को दूधपथरी के दूरदराज जंगल वाले क्षेत्र में मार गिराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, मूसा पीर पंजाल रेंज के दोनों ओर हुए कई हमलों में शामिल रहा था। इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ के दौरान वह बच निकलने में सफल रहा था। उस कार्रवाई में उसका करीबी यासिर पांच सितंबर को मारा गया था।
अधिकारियों ने कहा कि सुलेमान शाह उर्फ मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।














