हमीरपुर, 30 सितंबर।
जिला हमीरपुर की सभी 242 ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के लोगों से इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। विशेष ग्राम सभा में ग्राम पंचायत विकास योजना, वित्त वर्ष 2026-27 के बजट और विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
उपायुक्त ने बताया कि ग्राम पंचायतों के अलग-अलग वार्डों में आयोजित उप ग्राम सभाओं के दौरान सामने आए मुद्दों को भी 2 अक्टूबर की विशेष ग्राम सभा में रखा जाएगा। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों के निवासियों से आग्रह किया कि वे बैठक में भाग लेकर स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।














