हिसार, 30 सितंबर।
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की प्रथम महिला अनुपमा कुमारी रहीं, जबकि रजनी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार की माता कृष्णा देवी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। मुख्य वार्डन प्रो. सुजाता सांघी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
अनुपमा कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों के लिए एक बड़े परिवार की तरह होता है, जहां पढ़ाई के साथ उन्हें एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने सांस्कृतिक विविधता को भारत की महान धरोहर बताते हुए नवप्रवेशित छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रजनी शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
प्रो. सुजाता सांघी ने स्वागत संबोधन में छात्रावास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और छात्राओं को नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्रावास-दो की समन्वयक डॉ. संतोष भुक्कल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवप्रवेशित छात्राओं के लिए आयोजित मिस फ्रेशर्स प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। एमएससी भौतिकी प्रथम वर्ष की छात्रा वल्लभी को मिस फ्रेशर्स चुना गया।
छात्राओं ने हरियाणवी, डोगरी, कश्मीरी, ओड़िया, बिहारी और पंजाबी प्रस्तुतियों के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई। इसके साथ ही बॉलीवुड प्रस्तुतियां भी पेश की गईं। कार्यक्रम में गर्ल्स हॉस्टल की उप मुख्य वार्डन, विभिन्न छात्रावासों की समन्वयक, वार्डन, हॉस्टल स्टाफ और अन्य अतिथि मौजूद रहे।














