जोधपुर, 30 सितंबर।
शुष्क वन अनुसंधान संस्थान, जोधपुर में आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन समारोह हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी गोयल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
समारोह के दौरान अजय वशिष्ठ के संयोजन में स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता हुई। इसमें सोहनलाल गर्ग ने पहला, कुलदीप शर्मा ने दूसरा और मीता सिंह तोमर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रभारी अधिकारी हिंदी राजभाषा रतनाराम लोहरा ने संस्थान की राजभाषा हिंदी की वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी गोयल ने भाषा को संवाद का माध्यम बताते हुए प्रभावशाली शब्दों के चयन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी को सांस्कृतिक विचारधारा और राष्ट्र की अभिव्यक्ति का माध्यम बताया।
संस्थान के निदेशक डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि सभी के सकारात्मक सहयोग और हिंदी को प्राथमिकता देने से पत्राचार संबंधी लक्ष्यों को हासिल किया जा सका है। उन्होंने बताया कि संस्थान के सभी कार्मिक इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।
समूह समन्वयक शोध डॉ. तरुण कान्त ने हिंदी के प्रचार-प्रसार में अधिक से अधिक योगदान देने के लिए सभी को प्रेरित किया। इस अवसर पर हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित टिप्पणी, निबंध, प्रश्नोत्तरी, आशुभाषण और टंकण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी अजय वशिष्ठ ने कार्यक्रम का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।














