नई दिल्ली, 02 अक्टूबर।
जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने 11 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। इनमें राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और जंतर-मंतर के पास स्थित पटेल चौक समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने बताया कि जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली स्टेशन पर अगले आदेश तक यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास उपलब्ध नहीं रहेगा।
हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री इन चार स्टेशनों का इस्तेमाल इंटरचेंज के लिए कर सकेंगे।
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस, आरएएफ के जवान और दंगा-रोधी वाहन तैनात किए गए हैं। कार्यकर्ताओं, राजनीतिक नेताओं और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है।
कॉकरोच जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कुछ छात्र संगठनों ने विशेष गहन पुनरीक्षण तथा मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर कथित नाम हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शन के आह्वान में आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ और भारतीय युवा कांग्रेस शामिल हैं।
नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है और किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन या मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर सुरक्षा और बचाव के इंतजाम किए गए हैं तथा सभी से कानून का पालन करने का अनुरोध किया।














