देहरादून, 02 अक्टूबर।
देहरादून जू में वन्यजीव सप्ताह की शुरुआत स्वच्छता अभियान के साथ हुई। जू के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में सफाई अभियान चलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वन्यजीव सप्ताह के तहत श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम के बच्चों को जू का भ्रमण कराया गया। वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप मिश्रा और रेंज अधिकारी दीक्षा भट्ट ने बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, वन्यजीवों की उपयोगिता और खासतौर पर बाघों के संरक्षण की जानकारी दी।
जू प्रशासन के मुताबिक, इस वर्ष सप्ताह के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग वन्यजीव को केंद्र में रखकर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों और आम लोगों को वन्यजीव प्रजातियों, उनके संरक्षण और प्राकृतिक आवास के महत्व से परिचित कराना है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए वन्यजीव क्विज का आयोजन भी किया गया। इसमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और वन्यजीवों से जुड़ी अपनी जानकारी साझा की। प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वन्यजीव संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जू में ‘मेरा वन्यजीव संकल्प-एक पत्ता, एक संकल्प’ गतिविधि की शुरुआत की गई है। इसके तहत आगंतुक वन्यजीव संरक्षण से संबंधित अपने छोटे-छोटे संकल्प पत्तियों पर लिखकर संकल्प वृक्ष पर लगा सकते हैं।
इसके साथ ही लोगों को ई-प्लेज के जरिए वन्यजीव संरक्षण की शपथ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। जू प्रशासन ने आमजन से अभियान से जुड़ने, संरक्षण के लिए अपना संकल्प लेने और ई-प्लेज के माध्यम से सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।














