फगवाड़ा, 02 अक्टूबर।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 27 और 28 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़, लूट और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के आरोपों में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें सात विश्वविद्यालय के छात्र और दो बाहरी व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में फगवाड़ा निवासी गगनदीप और जसप्रीत कुमार, सोनीपत निवासी जेम्स दहिया, हमीरपुर निवासी आशुतोष, जम्मू निवासी अंतरिक्ष दत्ता और साहिल सिंह तथा महाराष्ट्र निवासी कृष्णा कुमार और भविष्य करण शामिल हैं। एक नाबालिग छात्र को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान नाबालिग छात्र परिसर में रखे मिग-23 विमान पर चढ़ता दिखाई दिया था। घटना से संबंधित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुए थे।
जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा के साथ पत्रकार वार्ता में बताया कि सतनामपुरा थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 163 में 20 लोगों को नामजद किया गया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने सोशल मीडिया, समाचार चैनलों, विश्वविद्यालय के सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल माध्यमों से मिले फोटो-वीडियो की पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक जांच में कुछ लोगों की आगजनी, तोड़फोड़, कथित लूट, पुलिस पर हमले, राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में भूमिका सामने आई है। डीआईजी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्रभावक और एलपीयू के पूर्व छात्र फरहत देव की भी पहचान की है, हालांकि उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। अब तक घटनाक्रम से जुड़े करीब 40 लोगों की पहचान किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
फगवाड़ा सदर थाने में भी आगजनी, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने और हमले के आरोपों से संबंधित अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। विश्वविद्यालय में कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ी मूल प्राथमिकी की जांच भी जारी है।
पुलिस के अनुसार अभी तक कथित पीड़िता की पहचान नहीं हो सकी है। मामले में छात्रों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।














