कोकराझार (असम), 2 अक्टूबर।
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल मानस राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिजर्व को 2026-27 के पर्यटन सत्र के लिए शुक्रवार को पर्यटकों के लिए फिर खोल दिया गया। बांसबाड़ी क्षेत्र में आयोजित समारोह में बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के प्रमुख हग्रामा मोहिलारी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में वन एवं वन्यजीव विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में बोडोलैंड मानस हेरिटेज सेंटर की आधारशिला रखी गई और अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों को फील्ड गियर दिए गए। स्थानीय समुदायों की आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मैजिकल मानस’ ईको शॉप का उद्घाटन किया गया। यहां स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘मैजिकल मानस’ विजिटर ब्रोशर का विमोचन भी हुआ।
पर्यटकों के लिए मानस साइक्लिंग प्वाइंट और जिम्मेदार पर्यटन केंद्र की शुरुआत की गई। नए सत्र के लिए वाहन सफारी का शुभारंभ करते हुए हाथियों की लाइन-अप और गन्ना खिलाने का आयोजन भी किया गया। इसके बाद जिप्सी सफारी शुरू हुई, जिसमें अतिथियों ने बांसबाड़ी, बुराबुरी, न्यू बुराबुरी और कुरीबील क्षेत्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने कहा कि नए सत्र में वन्यजीव पर्यटन, संरक्षण और स्थानीय भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों और पर्यटन राजस्व में वृद्धि की उम्मीद है।














