सिंगापुर, 03 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। यात्रा के दौरान उनका फोकस छत्तीसगढ़ में नए निवेश, औद्योगिक साझेदारी और वैश्विक कंपनियों के साथ कारोबारी अवसरों को बढ़ाने पर रहेगा। मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सिंगापुर पहुंचने के बाद 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। इन मुलाकातों में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और संभावित परियोजनाओं पर चर्चा होगी। फोरम में मुख्यमंत्री निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करेंगे तथा छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने से जुड़े सवालों के जवाब भी देंगे।
दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं के साथ तकनीक, आधुनिक विनिर्माण और हरित अर्थव्यवस्था से जुड़े अवसरों को सामने रखा जाएगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, अर्धचालक, विनिर्माण और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विशेष जोर रहेगा।
बस्तर के पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को भी अंतरराष्ट्रीय निवेश के संभावित क्षेत्र के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने की संभावनाओं पर उद्योग जगत के साथ बातचीत होगी।













