कोलकाता, 03 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को शुक्रवार रात अचानक सीने में तेज दर्द होने के बाद ईएम बाईपास स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में तत्काल उपचार शुरू किया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। परिजनों के अनुसार, बोस ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने दिनभर कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लिया। रात में घर लौटने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द होने पर परिवार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल के आपातकालीन विभाग में डॉक्टरों ने तुरंत जांच और उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें अभी निगरानी में रखा गया है। रथींद्र बोस को 15 मई को निर्विरोध पश्चिम बंगाल विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट बोस लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और कूचबिहार दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चुने गए। अपने पहले विधानसभा चुनाव में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत डे भौमिक को 23 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था।














