जयपुर, 5 अक्टूबर।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जयपुर में यह आयोजन सांगानेर क्षेत्र में होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सीधे प्रसारण से कार्यकर्ता और आमजन जुड़ेंगे।
राठौड़ के अनुसार, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बूथ से भाजपा कार्यकर्ता लोगों के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्रों तक पहुंचेंगे। यहां सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में मशाल जलाई जाएगी। इसके बाद जरूरतमंदों की मदद, समाजसेवा और राष्ट्रहित में योगदान का संकल्प दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से राजस्थान में ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा कार्य, विद्यालयों में कार्यक्रम, वाद-विवाद एवं लेखन प्रतियोगिताएं तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़े आयोजन किए गए। पार्टी के अनुसार, राजस्थान में अभियान के दौरान 40 लाख ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए गए।
राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक यात्रा निकाली गई है। इसके अलावा वाराणसी से वडनगर की दिशा में मोटरसाइकिल यात्राएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है।
कांग्रेस नेताओं के बीच कथित खींचतान को लेकर भी राठौड़ ने टिप्पणी की। उन्होंने इसे ‘जलेबी रेस’ बताते हुए जूली, अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से मतभेद होने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और कहा कि पार्टी में अलग-अलग नेता अपनी-अपनी बात रख रहे हैं।
वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि “वोट चोरी तो गहलोत सरकार ने की थी, बसपा के हाथी तक को डकार गए थे।” उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया होता तो कांग्रेस लक्ष्मणगढ़ में एक वोट से जीत हासिल नहीं कर पाती। राठौड़ ने भाजपा को लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति प्रतिबद्ध बताया।














