जयपुर, 05 अक्टूबर।
राजस्थान से मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी तेज हो गई है। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा। जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और बाड़मेर में दिनभर गर्मी का प्रभाव बना रहा।
रविवार को श्रीगंगानगर में 40.6, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1, जैसलमेर में 39.7, बाड़मेर में 39.1, जोधपुर में 38.7, टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 तथा फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पूर्वी राजस्थान के अलवर, टोंक, जयपुर, सीकर और करौली समेत कई जिलों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान सीमा के आसपास बने प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के चलते सतह पर गर्म हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। पश्चिमी जिलों में 38 डिग्री या उससे अधिक तापमान के कारण दिन में गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया। तेज धूप के चलते अक्टूबर में भी लोगों को गर्मी झेलनी पड़ रही है।
दिन के मुकाबले रात के तापमान में कई इलाकों में कमी आने लगी है। उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा सहित दक्षिणी व पूर्वी क्षेत्रों में रात को हल्की ठंडक महसूस हो रही है। रविवार को माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और देर शाम से सुबह तक गुलाबी ठंड महसूस होने लगी।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। अगले सात दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 30 से 42 डिग्री और रात का तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।














