गुवाहाटी, 05 अक्टूबर।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की विरासत को समर्पित सुकना स्टेशन महोत्सव आयोजित किया। यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की ऐतिहासिक इमारतों के 146 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुए कार्यक्रम में रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह में सुकना संग्रहालय के नवीनीकरण के बाद उसका उद्घाटन किया गया। संग्रहालय में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के इतिहास और संचालन से जुड़ी विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इस दौरान रेलवे की विरासत पर आधारित कलेक्टर्स एडिशन के प्रथम संस्करण का विमोचन भी हुआ।
सिलीगुड़ी और सुकना के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र दिए गए। कलाकार अजय सरकार ने लाइव नेल आर्ट प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के बाद 125 वर्ष पुराने हेरिटेज लोकोमोटिव 780बी और एक फ्लैट वैगन को रवाना किया गया। तिनधरीया रेल कारखाने में 36 वर्ष बाद फ्लैट वैगन का पुनर्बहाल किया गया है।
गिड्डे पहाड़ साइडिंग को भी 21 वर्ष बाद जीर्णोद्धार के बाद फिर खोला गया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए वहां आरपीएफ की नई बैरक का उद्घाटन भी किया गया। रेलवे ने विरासत संरक्षण के साथ आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया।














