अररिया, 5 अक्टूबर।
नेपाल के रास्ते भारत की सीमा तक पहुंचाए जाने वाले गांजा की बड़ी खेप को सुनसरी जिला पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने इनरुवा उप-महानगरपालिका-3 स्थित सखुवागाछी चौक से एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक से 2,566 किलो 560 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, सखुवागाछी अस्थायी पुलिस चौकी और इटहरी ट्रैफिक पुलिस कार्यालय की संयुक्त टीम ने बीती रात करीब 11:50 बजे पूर्व से पश्चिम दिशा में जा रहे ट्रक की गतिविधि संदिग्ध मिलने पर उसे जांच के लिए रोका था।
तलाशी के दौरान ट्रक में 83 सीलबंद बोरियां मिलीं। पुलिस ने बोरियों को खोलकर जांच की तो उनमें गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मामले में ट्रक चालक और सह-चालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने जब्त गांजे को भारतीय सीमा क्षेत्र तक पहुंचाने की बात बताई है। सीमा के दोनों ओर सक्रिय तस्करी गिरोहों के बीच यह खेप भारत लाए जाने की तैयारी में थी।














