कोकराझार, 05 अक्टूबर।
बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर सोमवार को कोकराझार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बोडोलैंड आंदोलन के शहीदों और विभूतियों को श्रद्धांजलि देकर हुई। बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी ने बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म के समाधि स्थल और शहीद सुजीत नार्जरी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उपप्रमुख रिहोन दैमारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
महिलारी ने भूमि अधिकार के तहत 3,000 से अधिक लोगों को पट्टे दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने अगले वर्ष तक 5,000 से अधिक रिक्त पद भरने तथा एपीएससी और यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए निश्शुल्क कोचिंग सहायता देने की घोषणा की।
इस अवसर पर आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें कार्यकारी सदस्यों और अधिकारियों के आवास तथा कोकराझार के ग्रीनफील्ड में हेलीपोर्ट शामिल हैं।
असम के मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बीटीसी क्षेत्र को विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। सड़क, पुल, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य परियोजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं और बीटीसी सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया।














