इंफाल, 05 अक्टूबर।
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन प्री-पाक (प्रो) में युवाओं की भर्ती और बम धमाके से जुड़े मामलों में पुलिस तथा सुरक्षा बलों ने अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाकर सात कैडरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल वेस्ट की टीमों ने रविवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नए सदस्यों की भर्ती और अगस्त 2026 में कोंथौजम विधानसभा क्षेत्र के विधायक के आवास पर हुए बम धमाके में कथित संलिप्तता वाले कैडरों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उशम राकेश सिंह उर्फ जेनरेश उर्फ थोउबा (19), युमनाम अथोइबी चानू (19), आरके दयापति देवी उर्फ पिंकी उर्फ किचेनबी (19), अहोंगशांगबम जेट मैतेई उर्फ जैक (23), नाओरेम लान्थोइबा सिंह उर्फ साना उर्फ थोइचानबा (19) और आयेकपम स्टीफन मैतेई उर्फ एलेक्स उर्फ येकचेतपा (19) के रूप में हुई है। अभियान के दौरान कानून से संघर्षरत एक बच्चे को भी पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, युमनाम अथोइबी चानू और आरके दयापति देवी पर 28 अगस्त 2026 को कोंथौजम विधायक के आवास पर हुए बम धमाके में शामिल होने का आरोप है।
कार्रवाई के दौरान पीले रंग की होंडा एक्टिवा 6जी स्कूटर भी जब्त की गई। इसका पंजीकरण क्रमांक एमएन-01एजे-4957 है। पुलिस ने यह भी बताया कि एक नाबालिग को प्रतिबंधित संगठन में भर्ती होने से बचाया गया।
गिरफ्तार आरोपितों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लैम्फेल पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।














