श्रीनगर, 05 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर में आने वाले 10 दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम संबंधी सलाह के अनुसार, 5 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 6 अक्टूबर से मौसम में परिवर्तन की संभावना है और 10 अक्टूबर तक आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है।
इस दौरान जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
11 से 15 अक्टूबर के बीच भी मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को 6 से 10 अक्टूबर के बीच सेब और धान की फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।













